वसुधा कल्याण आश्रम परिवार के सदस्यों ने शनिवार को संस्था के संस्थापक आचार्य पावन महाराज जी का जन्मदिवस “प्रज्ञा पर्व” के रूप में सादगी पूर्ण तरीके से मनाया। संस्था के बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी पंडित हरिशंकर पाठक के नेतृत्व में सभी शिष्यों एवं वरिष्ठ सदस्यों ने शहर के विभिन्न मठ-मंदिरों के पास गरीबों एवं जरूरतमंदों के बीच मिठाइयाँ बांटकर एवं विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण करके बड़े हर्षोल्लास के साथ आचार्य जी का जन्मदिवस मनाया। मीडिया प्रभारी पंडित हरिशंकर पाठक जी ने कहा कि आचार्य पावन महाराज इस सदी के महान संतों में एक हैं जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन प्रकृति, राष्ट्र एवं मानवता की सेवा में समर्पित कर दिया है। हमें गर्व है कि आज हम सभी को उनका जन्मदिवस मनाने का पुण्य अवसर प्राप्त हुआ है। आई टी प्रमुख विशाल कुमार ने कहा कि आचार्य जी की प्रज्ञा, अंतर्दृष्टि एवं अनुभव निरंतर हम सभी के जीवन को आलोकित कर रही है। राष्ट्रीय संगठन मंत्री चितरंजन महतो ने कहा कि पाथेय पुंज की तरह गुरुदेव हम सभी के जीवन मार्ग को निरंतर प्रकाशित कर रहे हैं। इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष राजकुमार, शिक्षक संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर, तरुमित्र प्रज्ञा परिषद् युवा के अध्यक्ष गौरव रंजन, गुंजन राकेश, अभिषेक कुमार सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी आचार्य जी को उनके जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दी हैं।